केरल चुनाव: कांग्रेस की अंतिम सूची जारी, किसी भी सांसद को नहीं मिला टिकट, कई दिग्गजों को झटका

0 23

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी और अंतिम सूची जारी कर दी है। इस सूची के साथ ही पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार किसी भी मौजूदा सांसद को चुनावी मैदान में नहीं उतारा जाएगा। सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान और सांसदों की दावेदारी के बावजूद जारी 37 उम्मीदवारों की सूची में एक भी लोकसभा सदस्य को जगह नहीं दी गई है।

सांसदों की दावेदारी रही बेअसर

140 सदस्यीय केरल विधानसभा में कांग्रेस इस बार 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीटों पर पार्टी ने उन बागी नेताओं का समर्थन करने का फैसला किया है, जिन्होंने वाम दल से अलग राह चुनी है। इससे पहले कांग्रेस 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी थी। पार्टी के कुछ सांसद सक्रिय रूप से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। कन्नूर सीट से टिकट चाहने वाले सांसद के. सुधाकरण को मौका नहीं मिला और यहां टी. ओ. मोहनन को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं कोन्नी सीट से दावेदारी करने वाले सांसद अडूर प्रकाश को भी टिकट नहीं मिला और पार्टी ने यहां प्रोफेसर सतीश कोच्चरम्बील पर भरोसा जताया है।

इन सीटों पर अभी भी सस्पेंस कायम

कांग्रेस ने अंबलपुझा, तलिपरम्बु, पय्यनूर और ओट्टपालम सीटों पर अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इन सीटों पर वाम दल के बागी नेता पहले से ही मैदान में हैं। पार्टी ने त्रिपुनिथरा और पेरुंबावूर को छोड़कर अपने ज्यादातर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया है। पेरुंबावूर सीट पर मौजूदा विधायक एल्डोज कुन्नापिल्ली को खराब प्रदर्शन के कारण टिकट नहीं दिया गया है और उनकी जगह मनोज मूथेदान को उम्मीदवार बनाया गया है।

पूर्व भाजपा नेता को भी मिला मौका, युवा चेहरों पर दांव

त्रिपुनिथरा सीट पर के. बाबू की जगह दीपक जाय को टिकट दिया गया है, जिन्होंने खुद चुनाव न लड़ने का फैसला किया था। कुट्टनाड से निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी देने वाले साजी जोसेफ को पूंजार सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। अरनमुला सीट से युवा कांग्रेस नेता अबिन वर्गी को मैदान में उतारा गया है, जहां उनका मुकाबला भाजपा के कुम्मनम राजशेखरन से होगा। वहीं नेमम सीट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चन्द्रशेखर के खिलाफ कांग्रेस ने युवा चेहरे और अरुविकरा के पूर्व विधायक के. एस. सबरीनाथन को उतारा है। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व भाजपा नेता संदीप वारियर को कासरगोड के त्रिकारिपुर से टिकट दिया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.