दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज: तेज हवाओं के साथ बारिश, अगले 3 घंटे में बिजली गिरने का अलर्ट

0 32

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को अचानक मौसम बदलने के साथ कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलीं, जिससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

NDMA का अलर्ट: बिजली गिरने और तेज आंधी की आशंका

नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन घंटे के भीतर दिल्ली और नोएडा के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान मध्यम बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूरे NCR में बादल और गरज के साथ बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली कड़कने की स्थिति बनी रहेगी। रात के समय हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

देश के कई हिस्सों में हीट वेव का खतरा बरकरार

जहां एक ओर उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मौसम राहत दे रहा है, वहीं मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 18-19 अप्रैल, ओडिशा में 18-20 अप्रैल, झारखंड में 19-21 अप्रैल और मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा व तेलंगाना में 18 अप्रैल को हीट वेव की संभावना जताई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में 18 से 21 अप्रैल के बीच, असम और मेघालय में 19-20 अप्रैल तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18-19 अप्रैल के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

उत्तर-पश्चिम भारत में 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद 19 से 21 अप्रैल के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में फिलहाल तापमान स्थिर रहने के बाद हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.