हीटवेव को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी जारी, आमजन से सतर्क रहने की अपील, दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलने की सलाह

0 31

गौतमबुद्धनगर में भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के तहत आगामी दिनों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी द्वारा जारी इस विस्तृत एडवाइजरी का उद्देश्य लोगों को गर्मी के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है, ताकि सावधानी बरतकर किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।

हीटवेव से बचाव के लिए अपनाएं ये सावधानियां

एडवाइजरी में नागरिकों को सलाह दी गई है कि घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछा तथा पर्याप्त मात्रा में पानी अवश्य साथ रखें। साथ ही हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। यदि कार्य बाहर का हो तो समय-समय पर गीले कपड़े से चेहरा, सिर और गर्दन को ठंडा करते रहें।

इसके अलावा ताजा और हल्का भोजन करने तथा मौसमी फलों और सब्जियों जैसे खीरा, ककड़ी, तरबूज का अधिक सेवन करने की सलाह दी गई है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लस्सी, नींबू पानी, छाछ, नमक-चीनी का घोल, आम का पन्ना और गन्ने के रस जैसे पेय पदार्थों का अधिक उपयोग करने को कहा गया है।

हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत लें सावधानी

एडवाइजरी में बताया गया है कि घबराहट, चक्कर आना, सिरदर्द, शरीर में भारीपन, उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन, बुखार, पसीना न आना या बेहोशी जैसी स्थिति हीटवेव के गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत छांव में आराम करें, कपड़े ढीले करें और पंखा या कूलर उपलब्ध हो तो उसका उपयोग करें। ठंडे पानी से चेहरा और शरीर को ठंडा करें तथा जरूरत पड़ने पर 108 एंबुलेंस सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

क्या न करें—लापरवाही पड़ सकती है भारी

जिला आपदा कार्यालय ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सख्त सलाह दी है। साथ ही गहरे रंग या सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचने को कहा गया है। तैलीय, मसालेदार, बासी भोजन और अधिक प्रोटीन युक्त आहार से परहेज करने की सलाह दी गई है।

चाय, कॉफी और शराब के अत्यधिक सेवन से बचने को कहा गया है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना चिकित्सीय सलाह के कोई दवा न लें और बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।

तत्काल स्वास्थ्य सहायता की अपील

प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या या चोट की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और किसी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.