जाजपुर: ओडिशा के जाजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल में बच्चों को दी गई सजा ने सभी को स्तब्ध कर दिया। आरोप है कि स्कूल के हेडमास्टर ने बच्चों को सजा के तौर पर खुजली पैदा करने वाले जंगली पत्ते को अपनी पैंट के अंदर डालने के लिए कहा। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 अप्रैल को सरुआबिल्ली अपर प्राइमरी स्कूल में हुई। आरोप है कि हेडमास्टर बसुदेव देहुरी ने बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर यह शर्मनाक सजा दी। उनके कहने पर दो बच्चों ने जंगली पौधे के पत्ते लाकर एक-दूसरे के कपड़ों में डाल दिए, जिससे दोनों को तेज खुजली, जलन और असहजता का सामना करना पड़ा।
झगड़े से शुरू हुआ विवाद, सजा ने बढ़ाई गंभीरता
मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। सुकिंदा ब्लॉक के शिक्षा अधिकारी नारायण दास के मुताबिक, दो बच्चों के बीच पहले झगड़ा हुआ था। इस दौरान एक बच्चे ने दूसरे के शरीर पर खुजली वाला पत्ता रगड़ दिया। जब पीड़ित बच्चा शिकायत लेकर हेडमास्टर के पास पहुंचा, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह भी उसी तरह जवाब दे। इसके बाद दूसरे बच्चे ने भी वही किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
अभिभावकों के विरोध के बाद कार्रवाई
घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चों ने घर जाकर अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नाराज अभिभावक स्कूल पहुंचे और हेडमास्टर के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकिंदा के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर ने प्रारंभिक जांच कराई, जिसके आधार पर हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।