MLC Elections 2026: बीजेपी ने बिहार और महाराष्ट्र के लिए घोषित किए उम्मीदवार, विधान परिषद चुनाव को लेकर तेज हुई सियासी हलचल

0 37

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार और महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद चुनाव और उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के बाद दोनों राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी ने बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि महाराष्ट्र उपचुनाव के लिए प्रज्ञा राजीव सातव के नाम पर मुहर लगाई गई है।

इसके साथ ही महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भी बीजेपी ने पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने सुनील कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे, विवेक बिपिनदादा कोल्हे और प्रमोद शांताराम जठार को मैदान में उतारा है।

बीजेपी ने अनुभवी और संगठन से जुड़े चेहरों पर जताया भरोसा

बीजेपी द्वारा घोषित उम्मीदवारों में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन और पार्टी की रणनीतिक राजनीति से जुड़े रहे हैं। सुनील कर्जतकर को पार्टी का अनुभवी कार्यकर्ता माना जाता है। वह कई राज्य चुनावों में रणनीतिक भूमिका निभा चुके हैं और कभी भाजपा के वरिष्ठ नेता दिवंगत प्रमोद महाजन के करीबी माने जाते थे।

विवेक बिपिनदादा कोल्हे पूर्व भाजपा विधायक स्नेहलता कोल्हे के बेटे हैं। उन्होंने 2024 विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था, क्योंकि अहिल्यानगर जिले की कोपरगांव सीट सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को दी गई थी।

नितिन गडकरी के चुनाव प्रभारी रहे संजय भेंडे को भी टिकट

बीजेपी ने संजय नत्थूजी भेंडे को भी उम्मीदवार बनाया है। वह 2024 लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के चुनाव प्रभारी रहे थे। वर्तमान में वह नागपुर शहरी सहकारी बैंक के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

इसके अलावा पार्टी की महाराष्ट्र इकाई की महासचिव माधवी नाइक को भी विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। वह ठाणे क्षेत्र से आती हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।

प्रमोद शांताराम जठार सिंधुदुर्ग क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और पूर्व में विधायक रह चुके हैं। पार्टी ने इस बार संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है।

12 मई को होगा मतदान, 30 अप्रैल नामांकन की आखिरी तारीख

महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान 12 मई को कराया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 2 मई को होगी, जबकि उम्मीदवार 4 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

मतदान 12 मई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 13 मई तक संपन्न होने की संभावना है।

बिहार विधान परिषद उपचुनाव का कार्यक्रम भी घोषित

बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए भी चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यहां 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 मई को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 मई तक पूरी कर ली जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.