प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा, मां गंगा को किया नमन; मंदिर परिसर में करीब 55 मिनट रहे मौजूद

0 27

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां गंगा को नमन किया। मंदिर दर्शन के दौरान प्रधानमंत्री ने वैदिक परंपराओं के अनुसार विशेष पूजन किया और मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धा अर्पित की।

पूजा-अर्चना के बाद प्रधानमंत्री गंगा द्वार तक पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में स्थापित वैदिक घड़ी का अवलोकन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

मणिकर्णिका घाट पर लगे एयर प्यूरीफायर सिस्टम का लिया जायजा

काशी विश्वनाथ धाम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने घाट क्षेत्र में स्थापित एयर प्यूरीफायर सिस्टम का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि यह आधुनिक प्रणाली मणिकर्णिका घाट के आसपास की वायु को शुद्ध करने का काम करती है।

प्रधानमंत्री ने इस तकनीक के कामकाज और उसकी उपयोगिता के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घाट क्षेत्र में चल रहे व्यवस्थागत सुधारों और आधुनिक सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

गर्भगृह में की विशेष पूजा, माता अन्नपूर्णा और भारत माता को भी किया प्रणाम

प्रधानमंत्री मोदी करीब 55 मिनट तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में सात से आठ मिनट तक विशेष पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई इस पूजा में उन्होंने भगवान विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री ने माता अन्नपूर्णा, भारत माता और आदि शंकराचार्य को भी प्रणाम किया। लंबे समय बाद उनका यह काशी विश्वनाथ मंदिर दौरा हुआ है। इससे पहले उन्होंने 18 जून 2024 को मंदिर में दर्शन और पूजन किया था।

मंदिर प्रशासन ने प्रधानमंत्री को भेंट किए विशेष उपहार

काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुलाबी मीनाकारी से तैयार काशी विश्वनाथ मंदिर का विशेष मॉडल भेंट किया गया। इसके साथ ही भगवान विश्वनाथ को अर्पित किया जाने वाला विशेष शाल भी उन्हें दिया गया, जिस पर “जय विश्वनाथ” अंकित था और उसमें रुद्राक्ष की मालाएं लगी हुई थीं।

इसके अलावा मंदिर प्रशासन ने भगवान शिव के प्रतीक त्रिशूल और डमरू भी प्रधानमंत्री को भेंट किए।

वाराणसी में प्रधानमंत्री के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़

मंदिर दर्शन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में भव्य रोड शो भी किया। सुबह शुरू हुए इस रोड शो को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे।

रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स से शुरू होकर लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा। पूरे रास्ते लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयकारे लगाए, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.