हिमाचल के कुल्लू में बड़ा हादसा: चलती कार पर गिरा चीड़ का विशाल पेड़, 4 महिला शिक्षकों की मौत; 3 घायल
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में खराब मौसम के बीच दर्दनाक हादसा सामने आया है। आनी क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक भारी-भरकम चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क से नीचे पलट गया। इस हादसे में 4 महिला शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी शिक्षिकाएं स्कूल की छुट्टी के बाद वापस आनी लौट रही थीं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
शाम करीब 5 बजे हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब 5 बजे शमशर-गुगरा सड़क पर बालीओल के पास हुआ। उस समय इलाके में तेज आंधी और तूफान चल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा चीड़ का विशाल पेड़ अचानक चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर पड़ा।
पेड़ गिरने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। वाहन में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 6 महिला अध्यापिकाएं शामिल थीं।
4 महिला शिक्षकों की मौके पर मौत
हादसे में चार महिला शिक्षकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- स्नेह लता, पत्नी टिका नंद, निवासी पारलीधार, उम्र 38 वर्ष
- बंती कौंडल, पत्नी हेमदत्त, निवासी लामीसेरी, उम्र 54 वर्ष
- उषा कुमारी, पत्नी मदन लाल, निवासी तराला, उम्र 43 वर्ष
- सीमा आजाद, पत्नी जिया लाल आजाद, निवासी रोपड़ी, उम्र 54 वर्ष
3 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सुरेश चंद, पुत्र देशराज, निवासी रोपड़ी, उम्र 42 वर्ष, वाहन चालक
- तारा देवी, पत्नी रविंदर कुमार, निवासी रोपड़ी, उम्र 47 वर्ष
- रीना कुमारी, पत्नी प्रेम सागर, निवासी कठेहड़, उम्र 40 वर्ष
प्रशासन और पुलिस ने शुरू किया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और तेज तूफान को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक
हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।