तमिलनाडु चुनाव में थलपति विजय का बड़ा धमाका! रुझानों में TVK ने DMK-AIADMK को छोड़ा पीछे, राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर

0 28

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में सुपरस्टार थलपति विजय की नई राजनीतिक पार्टी टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरी पार्टी ने राज्य की दो बड़ी और पुरानी पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके को पीछे छोड़ दिया है।

सुबह 11:30 बजे तक सामने आए रुझानों के मुताबिक तमिलगा वेट्री कजगम गठबंधन यानी TVK+ 105 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एआईएडीएमके गठबंधन 81 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन 48 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है।

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे और अब तक के रुझानों ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

23 अप्रैल को हुई थी वोटिंग

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया गया था। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए 4 मई की तारीख तय की थी और आज राज्यभर में वोटों की गिनती जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक देर रात तक सभी सीटों के अंतिम परिणाम चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं।

2024 में बनी थी विजय की पार्टी

तमिलगा वेट्री कजगम यानी TVK की स्थापना 2 फरवरी 2024 को अभिनेता थलपति विजय ने की थी। राजनीतिक एंट्री के साथ ही विजय ने खुद को केवल एक नेता के तौर पर नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की आवाज के रूप में पेश करने की कोशिश की।

पार्टी गठन के समय विजय ने कहा था कि उनका उद्देश्य तमिलनाडु के सभी वर्गों के कल्याण और राज्य की सामूहिक प्रगति के लिए काम करना है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पार्टी बनने के बाद से ही तमिलनाडु की राजनीति में TVK को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं। खास तौर पर यह सवाल उठ रहे थे कि विजय की पार्टी किस विचारधारा के साथ आगे बढ़ेगी और 2026 के विधानसभा चुनाव में उसका प्रभाव कितना होगा।

लोकसभा चुनाव से बनाई थी दूरी

टीवीके ने 2024 के लोकसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था और किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन देने से भी दूरी बनाए रखी थी। माना जा रहा था कि विजय अपनी पार्टी को सीधे विधानसभा चुनाव में बड़ी ताकत के रूप में उतारना चाहते हैं।

अब शुरुआती रुझानों में जिस तरह पार्टी प्रदर्शन करती दिखाई दे रही है, उसने तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति को हिला दिया है।

सियासत में भी सुपरहिट साबित हो रहे विजय

फिल्मी दुनिया में लंबे समय से सुपरस्टार रहे थलपति विजय अब राजनीति में भी मजबूत शुरुआत करते दिखाई दे रहे हैं। चुनावी रुझानों के बाद राजनीतिक गलियारों में विजय और उनकी पार्टी टीवीके की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि विजय ने यह साबित कर दिया है कि नई पार्टी भी कम समय में जनता का भरोसा जीत सकती है और स्थापित दलों को कड़ी चुनौती दे सकती है।

तमिलनाडु चुनाव के अब तक के सबसे बड़े चेहरे के तौर पर थलपति विजय को देखा जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.