Rashtrapati chunav 2022: राष्ट्रपति चुनाव की तारीख का ऐलान, 18 जुलाई को वोटिंग, 21 जुलाई को देश को मिलेंगे नए महामहिम

0 662

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने गुरूवार (09 जून) को राष्ट्रपति चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग राष्ट्रपति पद के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। मीडिया को संबोधित करते हुए राजीव कुमार ने कहा कि भारत के 16वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। 21 जुलाई को नतीजे आएंगे। राष्ट्रपति चुनाव के नामांकन के लिए 50 प्रस्तावकों की जरूरत होगी। वोटिंग के लिए मैं 1,2,3 लिखकर बताना चाहूंगा। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रपति को 25 जुलाई तक शपथ लेनी होगी। वोट डालने के लिए आयोग द्वारा दिए गए पेन का ही इस्तेमाल करना होगा।

राष्ट्रपति चुनाव 2022 से जुड़ी अहम बातें

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान संसद परिसर, विधान सभाओं में होगा, राज्यसभा के महासचिव रिटर्निंग ऑफिसर होंगे।
कुल मतदाताओं की संख्या 4,809 होगी, जिसमें 776 सांसद और 4,033 विधायक शामिल हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए किसी भी राजनीतिक दल को व्हिप जारी करने की अनुमति नहीं होगी।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग और मतगणना के दौरान कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा.
राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की तारीख 15 जून से शुरू होगी और इसके लिए आखिरी तारीख 29 जून होगी.
30 जून को होगी नामांकन पत्रों की जांच, नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 2 जुलाई होगी.
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 21 जुलाई को होगी.

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और उससे पहले अगला राष्ट्रपति चुनाव होना है। राष्ट्रपति का चुनाव इलेक्टोरल कॉलेज के सदस्यों द्वारा किया जाता है जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी सहित सभी राज्यों की विधान सभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं।

इलेक्टोरल कॉलेज में राज्यसभा या लोकसभा या विधानसभाओं के मनोनीत सदस्य वोट देने के पात्र नहीं हैं और चुनाव में भाग नहीं लेते हैं। इसी प्रकार विधान परिषदों के मनोनीत सदस्य भी राष्ट्रपति चुनाव में मतदाता के रूप में भाग नहीं लेते हैं। 2017 में राष्ट्रपति चुनाव 17 जुलाई को हुआ था और वोटों की गिनती 20 जुलाई को हुई थी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.