अयोध्या में बड़ा हादसा: सरयू में स्नान करने उतरे तीन युवक लापता, जन्मदिन मनाने पहुंचे थे दोस्त; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

0 35

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सरयू नदी में स्नान करने उतरे तीन युवक अचानक गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और युवकों की तलाश शुरू कर दी गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक बस्ती जनपद के रहने वाले थे और जन्मदिन मनाने के लिए अयोध्या आए थे। पांच दोस्तों का समूह गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अयोध्या पहुंचा था। दर्शन-पूजन से पहले सभी ने सरयू नदी में स्नान करने का फैसला किया।

घाट से दूर जाकर नहाने लगे, अचानक गहराई में समाए

जानकारी के मुताबिक, सरयू नदी का जलस्तर कम होने की वजह से रेत का क्षेत्र काफी ज्यादा फैला हुआ था। ऐसे में तीन युवक घाट से काफी दूर तक चले गए और वहीं स्नान करने लगे। इसी दौरान उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और देखते ही देखते तीनों पानी में लापता हो गए।

काफी देर तक जब तीनों वापस नहीं लौटे तो उनके साथ आए बाकी दो दोस्तों ने उन्हें तलाशना शुरू किया। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जल पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ और कोतवाल भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि लापता युवकों की पहचान अभिषेक कुमार सोनी (19) पुत्र शंभू, अमित (20) पुत्र राजेश और राज गुप्ता (20) के रूप में हुई है। तीनों बस्ती जनपद के मंगल बाजार पुरानी बस्ती इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। घटना की खबर मिलते ही परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, साथ आए दोनों युवक भी इस हादसे के बाद डरे और सदमे में हैं। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं।

सरयू में लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन

गोताखोर लगातार सरयू नदी में युवकों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है और हर संभव कोशिश की जा रही है कि युवकों का जल्द पता लगाया जा सके।

हमीरपुर नाव हादसे के बाद फिर बड़ा जल हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को हमीरपुर जिले में यमुना नदी में नाव हादसा हुआ था। उस हादसे में छह लोग नदी में डूब गए थे। इनमें तीन लोग तैरकर बाहर निकल आए, जबकि पांच बच्चों समेत एक महिला पानी में समा गई थी। महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पांच बच्चों की तलाश अब भी जारी है।

लगातार हो रहे नदी हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मानसून से पहले ही नदियों में हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर कई सवाल खड़े कर रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.