Acer ने भारत में लॉन्च किया दमदार 5G टैबलेट, 11.45-इंच 2.2K डिस्प्ले और स्टाइलस-कीबोर्ड के साथ मिलेगी प्रीमियम एक्सपीरियंस
नई दिल्ली। टेक कंपनी Acer ने भारतीय बाजार में अपना नया एंड्रॉयड टैबलेट Acer Iconia iM11-22M5G लॉन्च कर दिया है। कंपनी का यह लेटेस्ट टैबलेट बड़े डिस्प्ले, दमदार प्रोसेसर और प्रीमियम फीचर्स के साथ पेश किया गया है। खास बात यह है कि यूजर्स को टैबलेट के साथ एक्टिव स्टाइलस पेन और कीबोर्ड कवर बिना किसी अतिरिक्त कीमत के मिलेगा, जिससे इसे पढ़ाई, ऑफिस वर्क और क्रिएटिव कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
नया Acer टैबलेट 11.45-इंच की बड़ी 2.2K स्क्रीन, 8GB रैम और 128GB स्टोरेज के साथ आता है। इसके अलावा इसमें 7,400mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल का दावा करती है।
भारत में कितनी है कीमत और कहां से खरीद सकते हैं?
Acer Iconia iM11-22M5G के 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत भारतीय बाजार में 25,499 रुपये तय की गई है। कंपनी ने इसे सिंगल सिल्वर कलर ऑप्शन में उतारा है।
यह टैबलेट Acer के एक्सक्लूसिव स्टोर्स, कंपनी के ऑनलाइन स्टोर, Amazon और Flipkart के जरिए खरीदा जा सकता है।
11.45-इंच 2.2K डिस्प्ले के साथ मिलेगा स्मूद एक्सपीरियंस
Acer के इस नए टैबलेट में एंड्रॉयड 15 ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। इसमें 11.45-इंच की 2.2K IPS डिस्प्ले मिलती है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट और 450 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आती है। बड़ी स्क्रीन और हाई रिफ्रेश रेट की वजह से वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग और मल्टीटास्किंग का अनुभव बेहतर होने वाला है।
कंपनी टैबलेट के साथ एक्टिव स्टाइलस पेन भी दे रही है, जो 4096 लेवल प्रेशर सेंसिटिविटी को सपोर्ट करता है। इसके जरिए नोट्स लेने, ड्रॉइंग और डिजाइनिंग जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं। वहीं, बॉक्स में मिलने वाला कीबोर्ड कवर पोगो पिन कनेक्टर के जरिए टैबलेट से कनेक्ट होता है।
MediaTek प्रोसेसर और 1TB तक स्टोरेज बढ़ाने का विकल्प
परफॉर्मेंस के लिए Acer Iconia iM11-22M5G में ऑक्टा-कोर MediaTek 8791 प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी क्लॉक स्पीड 2.4GHz तक जाती है। कंपनी ने इसमें AI प्रोसेसिंग यूनिट भी शामिल की है, जिससे डिवाइस की स्मार्ट परफॉर्मेंस बेहतर होती है।
टैबलेट में 8GB LPDDR5 रैम और 128GB UFS 3.1 इंटरनल स्टोरेज दी गई है। यूजर्स माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसकी स्टोरेज को 1TB तक बढ़ा सकते हैं।
16MP कैमरा और 5G कनेक्टिविटी से लैस
फोटोग्राफी के लिए टैबलेट के रियर पैनल पर 16-मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 2-मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर दिया गया है। वहीं, वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए इसमें 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
कनेक्टिविटी फीचर्स की बात करें तो इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6, ब्लूटूथ 5.2 और USB टाइप-C पोर्ट का सपोर्ट दिया गया है। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। साथ ही, बेहतर ऑडियो एक्सपीरियंस के लिए इसमें Acer PureVoice टेक्नोलॉजी के साथ स्टीरियो स्पीकर्स भी दिए गए हैं।
7,400mAh बैटरी के साथ मिलेगा लंबा बैकअप
Acer के इस टैबलेट में 7,400mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि यह टैबलेट लंबे समय तक काम और एंटरटेनमेंट दोनों के लिए शानदार बैटरी बैकअप देने में सक्षम है।