जनगणना-2027 की तैयारी तेज, उत्तर प्रदेश में आज से शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया; नोएडा में सांसद महेश शर्मा ने सबसे पहले भरा ऑनलाइन प्रारूप
जनगणना-2027 कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश में आज से स्वगणना प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई। इसके साथ ही लोग अब निर्धारित पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन भर रहे हैं। प्रशासन की ओर से इसे जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण अभियान बताया जा रहा है।
नोएडा में सांसद महेश शर्मा ने की पहली स्वगणना
नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में स्वगणना प्रक्रिया की शुरुआत सांसद डॉ. महेश शर्मा द्वारा की गई। उन्होंने स्वयं ऑनलाइन प्रारूप भरकर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इन्दु प्रकाश सिंह, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अरविन्द मिश्रा, प्रबंधक दीपक कुमार तथा सांसद प्रतिनिधि संजय बाली भी मौजूद रहे।

विकास योजनाओं में जनगणना की भूमिका अहम: महेश शर्मा
स्वगणना के बाद सांसद महेश शर्मा ने कहा कि देश की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नोएडा के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समय रहते अपनी स्वगणना पूरी करें।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश ने भी किया स्वगणना का आह्वान
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश ने भी स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अधिक से अधिक निवासी 7 मई से 21 मई के बीच अपनी स्वगणना अवश्य करें। प्रशासन की ओर से नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम का उपयोग कर जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की जा रही है।