‘निजाम पैलेस आ जाओ, चाय पिएंगे और जीत का जश्न मनाएंगे…’ बीजेपी नेता चंद्रनाथ रथ की आखिरी बातचीत ने बढ़ाया सियासी तूफान
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता और शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति में जबरदस्त उबाल आ गया है। मध्यमग्राम में बुधवार देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद बीजेपी ने इसे राजनीतिक हत्या करार दिया है, जबकि दूसरी ओर टीएमसी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। इस बीच चंद्रनाथ रथ के करीबी दोस्त कासिम अली का बयान चर्चा के केंद्र में आ गया है, जिसमें उन्होंने हत्या से कुछ घंटे पहले हुई आखिरी बातचीत का जिक्र किया।
कासिम अली ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच उनकी चंद्रनाथ रथ से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ ने उन्हें निजाम पैलेस आने के लिए कहा था। कासिम के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ ने कहा था, “आ जाओ, चाय पिएंगे, गप्प करेंगे और बीजेपी की जीत का जश्न मनाएंगे।” हालांकि कासिम ने उस दिन आने में असमर्थता जताई और अगले दिन मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वही उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी।
देर रात कार रोककर बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की कार पर घात लगाकर हमला किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक कार और कई बाइक सवार हमलावर उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। कुछ दूरी पर कार को रोकने के बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में चंद्रनाथ रथ को कई गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोलीबारी में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए।
‘टारगेट शुभेंदु अधिकारी थे’
कासिम अली ने आजतक से बातचीत में दावा किया कि हमले का असली निशाना शुभेंदु अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के सबसे करीबी लोगों में शामिल थे और लंबे समय से उनकी रेकी की जा रही थी।
कासिम अली के मुताबिक, हमलावरों को पूरी जानकारी थी कि चंद्रनाथ रथ कहां रहते हैं और किस रास्ते से आवाजाही करते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप
हत्या के बाद कासिम अली ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या साजिश के तहत की गई है और भवानीपुर चुनाव में मिली सफलता को कुछ लोग बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे।
हालांकि इन आरोपों पर अब तक टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बातचीत के दौरान कासिम अली कई बार भावुक भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि “हमारा चंददा छीन लिया गया, बंगाल की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी।” बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच चंद्रनाथ rथ को “चंददा” के नाम से जाना जाता था।
‘एनकाउंटर चाहिए’, बयान वायरल
कासिम अली ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें “एनकाउंटर” चाहिए। उन्होंने कहा कि 9 तारीख को सुबह मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और शाम तक कार्रवाई हो जानी चाहिए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, फॉरेंसिक जांच शुरू
घटना के बाद पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई कारतूस और अन्य सबूत बरामद किए हैं। हमले में इस्तेमाल की गई कार को सीज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की बात भी सामने आई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, हमले में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई।
ग्लॉक पिस्टल के इस्तेमाल की आशंका
सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से बरामद गोलियों के खोखों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हमले में छोटे हथियार, संभवतः ऑस्ट्रिया में बनी ग्लॉक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हालांकि जांच एजेंसियों का कहना है कि हथियार की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटनास्थल से मिले वीडियो और तस्वीरों में चंद्रनाथ रथ की कार की खिड़कियों पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं, जो हमले की गंभीरता और हमलावरों की मंशा को दर्शाते हैं।