गौतमबुद्धनगर में अभियोजन कार्यों की समीक्षा, पॉक्सो और गंभीर अपराध मामलों में प्रभावी पैरवी के निर्देश

0 29

गौतमबुद्धनगर में लंबित आपराधिक मामलों और अभियोजन कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने की, जिसमें जनपद के शासकीय अधिवक्ताओं के साथ गंभीर आपराधिक मामलों और शासन की प्राथमिकता वाले प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों की शासन स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। ऐसे मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

न्यायालय में मजबूत पक्ष रखने के दिए निर्देश

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने शासकीय अधिवक्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में तथ्यों को मजबूती के साथ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष की प्रभावी रणनीति और मजबूत पैरवी से ही मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण संभव हो सकेगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और अभियोजन कार्यों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए।

दोषमुक्त मामलों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

बैठक में यह भी कहा गया कि जिन मामलों में न्यायालय द्वारा दोषमुक्ति प्रदान की गई है, उन सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर निर्धारित समय में प्रस्तुत की जाए। अधिकारियों के अनुसार इससे उच्च स्तर पर आवश्यक विधिक निर्णय लेने में सुविधा होगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि अभियोजन कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी रणनीति अपनाकर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण शासन के हित में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कई अधिकारी और शासकीय अधिवक्ता रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में उप जिला अधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित जनपद के समस्त शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.