नोएडा में पार्कों के विकास कार्यों में देरी पर सख्त हुई प्राधिकरण प्रशासन, अधिकारियों से मांगा जवाब, तय की गई नई समयसीमा

0 29

नोएडा प्राधिकरण में उद्यान विभाग के कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को बोर्ड रूम सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने की। इस दौरान विभिन्न सेक्टरों में चल रहे पार्कों के विकास, सौंदर्यकरण और रखरखाव कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उद्यान खंड प्रथम के अंतर्गत सेक्टर-62 स्थित डी पार्क के नवीनीकरण कार्यों में हो रही देरी पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पार्क का कार्य हर हाल में 15 सितम्बर 2026 तक पूर्ण कराया जाए।

वाईआरएफ पार्क के कार्यों में लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण

समीक्षा बैठक में वाईआरएफ पार्क के सौंदर्यकरण कार्यों में भी शिथिलता पाए जाने पर संबंधित उप निदेशक उद्यान एवं सहायक निदेशक उद्यान खंड प्रथम से स्पष्टीकरण तलब किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

जैपनीज पार्क और डियर पार्क के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

उद्यान खंड द्वितीय के अंतर्गत सेक्टर-94 स्थित जैपनीज पार्क के विकास एवं सौंदर्यकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि 15 जुलाई 2026 तक पार्क में वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण कराते हुए इसके लोकार्पण की समयसीमा तय की जाए।

वहीं उद्यान खंड तृतीय के अंतर्गत सेक्टर-91 स्थित डियर पार्क के कार्यों को भी तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्क के मुख्य द्वार के सौंदर्यकरण और सेक्टर-167 में प्रस्तावित के-व्यू पार्क का आंकलन तीन दिन के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।

मानसून से पहले पुराने पेड़ों की छंटाई के निर्देश

बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नोएडा क्षेत्र के सभी सेक्टरों में आयु पूर्ण कर चुके वृक्षों की गहन छंटाई कराई जाए। साथ ही झुक रहे पेड़ों की शाखाओं को आवश्यकतानुसार काटने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश और तेज हवाओं के दौरान वाहनों एवं आमजन को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

भीषण गर्मी को देखते हुए बदला गया कार्य समय

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी संविदाकारों और विभागीय श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों से उनके कार्यस्थल पर सुबह 7:30 बजे से काम शुरू कराया जाए, ताकि दोपहर की तेज गर्मी के कारण कार्य प्रभावित न हो।

आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश

बैठक में सभी खंडों के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे कार्यदिवसों में अपने-अपने क्षेत्रों की आवासीय कल्याण समितियों के साथ समन्वय स्थापित करें और उद्यान विभाग से संबंधित स्थानीय समस्याओं पर चर्चा कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.