लखनऊ में घर खरीदने का बड़ा मौका, LDA ने ई-ऑक्शन में उतारे 149 आवासीय भूखंड, 3000 करोड़ की संपत्तियां होंगी नीलाम
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में घर और भूखंड खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना में 149 आवासीय भूखंडों को ई-ऑक्शन के जरिए बिक्री के लिए उतार दिया है। इसके साथ ही करीब 3,000 करोड़ रुपये की कुल 475 संपत्तियों की नीलामी की जा रही है।
एलडीए ने इन संपत्तियों की ई-नीलामी के लिए 28 मई तक पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक लोग आरक्षित मूल्य का 10 प्रतिशत ईएमडी जमा कराकर ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
गोमती नगर विस्तार में 82 लाख तक के प्लॉट
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में लैंड ऑडिट के बाद एलडीए ने 12 आवासीय भूखंडों को नीलामी में शामिल किया है। इन भूखंडों का क्षेत्रफल 112 वर्गमीटर से लेकर 225 वर्गमीटर तक है।
इनकी आरक्षित दर 36 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। भूखंडों की कीमत लगभग 40 लाख रुपये से लेकर 82 लाख रुपये तक रखी गई है। इच्छुक खरीदार ई-नीलामी के जरिए इन प्लॉट्स को खरीद सकेंगे।
बसंतकुंज योजना में छोटे और बड़े दोनों विकल्प
एलडीए ने बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई, सेक्टर-एच और गऊ घाट क्षेत्र में 137 आवासीय भूखंड नीलामी के लिए उपलब्ध कराए हैं।
इनमें सबसे छोटे 25 वर्गमीटर के भूखंड की कीमत करीब 8.5 लाख रुपये रखी गई है, जबकि 300 वर्गमीटर तक के बड़े भूखंडों की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये तक पहुंच रही है।
ग्रुप हाउसिंग और अपार्टमेंट प्रोजेक्ट्स को भी बढ़ावा
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के अनुसार इस बार रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के चार भूखंड भी ई-ऑक्शन में शामिल किए गए हैं। इन भूखंडों पर बहुमंजिला अपार्टमेंट बनाए जाएंगे, जिससे वजीरगंज क्षेत्र में बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित हो सकेंगी।
इसके अलावा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में भी ग्रुप हाउसिंग के दो नए भूखंड नीलामी में रखे गए हैं।
अनंत नगर बनेगा एजुकेशन हब
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना को एजु सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों के लिए आरक्षित नौ भूखंड इस बार ई-ऑक्शन में शामिल किए गए हैं।
बसंतकुंज और कानपुर रोड योजना में भी स्कूलों के लिए आरक्षित भूखंडों की नीलामी की जाएगी।
प्राइम लोकेशन की दुकानें भी होंगी नीलाम
एलडीए ने गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट और कानपुर रोड योजना में निरस्तीकरण के बाद खाली हुई 50 से ज्यादा व्यावसायिक दुकानों और चबूतरों को भी ई-ऑक्शन में शामिल किया है।
प्राधिकरण के मुताबिक ये सभी दुकानें प्राइम लोकेशन पर स्थित हैं और व्यापारिक गतिविधियों के लिए काफी उपयुक्त मानी जा रही हैं।
इसके अलावा ग्रीनवुड, सतलज, सरयू और वनस्थली अपार्टमेंट के साथ गोमती नगर स्थित नेहरू एन्क्लेव और सुलभ आवास से जुड़े भवन भी नीलामी में उपलब्ध होंगे।