गौतमबुद्धनगर: आगामी 21 मई 2026 को जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने की। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, परीक्षार्थियों की सुविधाओं और शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले सभी तैयारियां उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा आयोजन के दौरान किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी देखा जाए कि सभी सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से कार्य कर रहे हों। यदि कहीं कोई कमी पाई जाए तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

एंट्री गेट पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की होगी सख्त जांच
पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए। विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर नजर रखने को कहा गया, ताकि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के भीतर प्रतिबंधित उपकरण लेकर प्रवेश न कर सके।
मानकों के अनुरूप परीक्षा संचालन की दी जानकारी
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं और मानकों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।