जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्त हुआ नोएडा प्राधिकरण, 700 प्रगणकों और 140 प्रवेक्षकों पर FIR की चेतावनी

0 22

नोएडा: जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्य को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि बड़ी संख्या में नियुक्त प्रगणक और प्रवेक्षक अब तक जनगणना सामग्री प्राप्त कर कार्य शुरू नहीं कर सके हैं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।

प्राधिकरण के अनुसार जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई 2026 से प्रारंभ होकर 20 जून 2026 तक संचालित किया जाना है। इस कार्य के लिए नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में जनगणना कार्य संपन्न कराने के लिए 2046 प्रगणकों और 341 प्रवेक्षकों की तैनाती की गई है।

प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि नियुक्त कर्मचारियों को नियमित रूप से फोन कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना और आदेश की प्रतियां भेजी गईं। इसके बावजूद अब तक 700 प्रगणकों और 140 प्रवेक्षकों ने जनगणना सामग्री प्राप्त नहीं की है और कार्य शुरू नहीं किया गया है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

25 मई 2026 को हुई समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा ने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निर्देश दिए कि 26 मई 2026 को दोपहर 12 बजे तक जिन कर्मचारियों द्वारा जनगणना सामग्री प्राप्त कर कार्य प्रारंभ नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.