जनगणना-2027 की तैयारियों पर डीएम सख्त, नोएडा-ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी अधिकारियों की गैरहाजिरी पर जताई नाराजगी
गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्यों की समीक्षा को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने की। इस दौरान जनपद में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
बैठक में जनगणना कार्य उप निदेशक, निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ अभिमन्यु सिंह ने जनपद में अब तक हुई प्रगति की जानकारी जिलाधिकारी को दी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मकान सूचीकरण ब्लॉक की रोजाना समीक्षा की जाए और प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाए।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी की प्रगति पर जताई चिंता
बैठक के दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में चल रहे जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान तीनों प्राधिकरणों के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्य सचिव को पत्र भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 24 घंटे के भीतर कार्य प्रगति में सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला विज्ञान अधिकारी डोली कुमारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पाण्डेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।