गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने की। इस दौरान विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, जिला स्तरीय बैंकिंग अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग वत्स ने योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया लगातार संचालित की जा रही है। हालांकि कुछ बैंकों का प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं पाया गया।
प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने लक्ष्य पूर्ति में पिछड़ रहे बैंकों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को नियमित समीक्षा करने तथा आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़कर जनपद में उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाए।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, उद्योग विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।