साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर! एक लाख के इनामी इजराइल को पुलिस ने मार गिराया, दारोगा बाल-बाल बचे

0 31

उन्नाव: जिले के चर्चित साधु राममिलन दास हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी इजराइल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। सोमवार तड़के बांगरमऊ क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया, जबकि एक उपनिरीक्षक की जान बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।

पुलिस के मुताबिक सोमवार भोर में बांगरमऊ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साधु हत्याकांड में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है तथा किसी साथी का इंतजार कर रहा है।

घेराबंदी होते ही शुरू कर दी फायरिंग

सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि इस पर इजराइल ने खुद को घिरा देख टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई।

बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई दारोगा की जान

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। सुरक्षा जैकेट होने के कारण वह गंभीर हादसे से बच गए। वहीं एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इजराइल भी गोली लगने से घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से हथियार और चाकू बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद चाकू का इस्तेमाल साधु हत्याकांड में किए जाने की आशंका है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

साधु राममिलन दास हत्याकांड का था मुख्य आरोपी

इजराइल बांगरमऊ के घूरेटोला मोहल्ले में हुए संत राममिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। नौ जून की दोपहर मंदिर निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे संत की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं तीन आरोपी

पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी इजराइल फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अब इजराइल के मारे जाने के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.