नोएडा: उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। लखनऊ से पहुंची पहली निर्धारित यात्री उड़ान के साथ ही एयरपोर्ट ने औपचारिक रूप से अपनी सेवाएं शुरू कर दीं। पहली फ्लाइट के आगमन पर पानी की बौछारों के बीच विमान का पारंपरिक स्वागत किया गया, जबकि यात्रियों ने तालियां बजाकर इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E-2278 जब नोएडा एयरपोर्ट पर उतरी तो वहां उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी फ्लाइट से पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का भी एयरपोर्ट पर विशेष स्वागत किया गया।
पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा फायदा
नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने, निवेश आकर्षित होने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों में एयरपोर्ट संचालन शुरू होने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों का मानना है कि इससे यात्रा का समय बचेगा और दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता भी कम होगी।
यात्रियों ने बताया सुविधाजनक और आरामदायक अनुभव
पहली उड़ानों के यात्रियों ने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना की। यात्रियों का कहना है कि पहले दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी समय और परेशानी होती थी, जबकि नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है।
बेंगलुरु जाने वाले एक यात्री ने बताया कि एयरपोर्ट तक पहुंचने में उन्हें किसी तरह की ट्रैफिक समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उनके अनुसार यात्रा का पूरा अनुभव बेहद आरामदायक रहा और एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस दिखाई दिया।
पायलट की ड्रेस में पहुंची नन्ही सफा बनी आकर्षण का केंद्र
पहली फ्लाइट से लखनऊ से नोएडा पहुंची नन्ही बच्ची सफा भी चर्चा का केंद्र रही। पायलट की वर्दी पहनकर पहुंची सफा अपने माता-पिता के साथ यात्रा कर रही थी। परिवार मूल रूप से नवी मुंबई का निवासी है और लॉजिस्टिक्स कारोबार से जुड़ा हुआ है। एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का ध्यान नन्ही सफा ने अपनी ओर खींच लिया।
जमीन देने वाले किसानों में भी खुशी की लहर
नोएडा एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले स्थानीय किसानों ने भी एयरपोर्ट संचालन शुरू होने पर खुशी जताई। किसानों का कहना है कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर लेकर आएगी।
कई किसानों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट के जरिए इलाके में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिसका लाभ भविष्य में पूरे क्षेत्र को मिलेगा।
किसानों ने सरकार का जताया आभार
स्थानीय किसानों ने एयरपोर्ट निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को बेहतर भविष्य मिलेगा।
170 किसान पहली उड़ान से जाएंगे लखनऊ
नोएडा एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले जेवर क्षेत्र के करीब 170 किसान भी पहली उड़ानों में शामिल होने जा रहे हैं। ये किसान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ लखनऊ पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर एयरपोर्ट और क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। इस समूह में 20 महिलाएं भी शामिल हैं।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में कई एयरपोर्ट बने हैं, लेकिन जेवर एयरपोर्ट की खासियत यह है कि इसने किसानों के हवाई यात्रा के सपने को भी साकार किया है। उन्होंने इसे प्रदेश और क्षेत्र के विकास के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।