दिल्ली में मौसम ने ली अचानक करवट! सुबह-सुबह झमाझम बारिश, 70 किमी की रफ्तार से चली हवाएं; गर्मी से मिली बड़ी राहत

0 23

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। आसमान में घने बादल छाए रहे और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने दिनभर शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने राजधानी के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। बवाना, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, सफदरजंग, लोधी रोड, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, कालकाजी और तुगलकाबाद समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके अलावा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भी सुबह से बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे दिनभर मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलेगी।

रविवार को 39 डिग्री के पार पहुंचा था पारा

मौसम बदलने से पहले रविवार को दिल्ली में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया था। विभिन्न मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 38.4 से 39.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था।

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस और पालम में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आयानगर में यह 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी दर्ज हुई गिरावट

रविवार को राजधानी के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान 23.4 से 26.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पालम में 25.6 और आयानगर में 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रिज क्षेत्र राजधानी का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था।

तेज हवाओं के बीच सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने तेज हवाओं और गरज-चमक के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले स्थानों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है। वहीं, बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित होने की भी संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.