नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन! 10 हजार वर्गमीटर जमीन से हटाया अवैध कब्जा, निर्माण किया ध्वस्त

0 33

नोएडा: अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी जमीन को कब्जामुक्त कराया है। प्राधिकरण की टीम ने ग्राम कामबख्शपुर में चल रहे अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया।

प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत आने वाले ग्राम कामबख्शपुर की खसरा संख्या-93 पर कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। इसकी सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और कार्रवाई का फैसला लिया।

पुलिस बल के साथ पहुंची टीम, मौके पर हुई कार्रवाई

वर्क सर्किल-10 की टीम प्राधिकरण के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को खाली कराते हुए अवैध कब्जे को हटाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक अभियान के दौरान लगभग 10,000 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराया गया, जिससे सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को समाप्त कर दिया गया।

अवैध निर्माण पर जारी रहेगा अभियान

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण, अतिक्रमण या भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले निर्धारित अनुमति और स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा अवैध निर्माण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.