मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर नोएडा में भव्य ‘विकास प्रदर्शनी’ का आगाज, ‘सेल्फी विद पीएम’ बना आकर्षण का केंद्र
गौतमबुद्धनगर : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार को सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय “विकास प्रदर्शनी” का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्रा को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा।
देश और प्रदेश की बदल रही दिशा और दशा : सांसद
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

17 से 19 जून तक चलेगी विकास प्रदर्शनी
17 जून से 19 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में युवा सशक्तिकरण, महिला कल्याण, गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे का विकास, औद्योगिक प्रगति, आंतरिक सुरक्षा, सुशासन और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
सूचना विभाग की प्रदर्शनी में दिखी विकास की झलक
सूचना विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को विस्तार से प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों ने प्रदर्शनी में दिखाई गई जानकारियों और प्रस्तुतिकरण की सराहना की।
‘सेल्फी विद पीएम’ बना सबसे बड़ा आकर्षण
प्रदर्शनी परिसर में सूचना विभाग द्वारा स्थापित “सेल्फी विद पीएम” प्वाइंट लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस पहल का उद्देश्य आमजन की भागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना बताया गया।
सांसद ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
प्रदर्शनी के दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।
कई विभागों ने लगाए जानकारीपरक स्टॉल
प्रदर्शनी में सूचना, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, वन और सेवायोजन विभाग समेत कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
श्रम विभाग ने प्रदर्शनी के दौरान 25 श्रमिकों का पंजीकरण किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में छह लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अन्य विभाग भी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता” और “संसद में महिला आरक्षण विधेयक” रखा गया था।

राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 नोएडा के 30 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा सादिया ने प्रथम, कक्षा 10 के छात्र अंशुमान ने द्वितीय और कक्षा 8 के छात्र कृष्ण ने तृतीय स्थान हासिल किया।
18 जून को निबंध और 19 जून को होगी चित्रकला प्रतियोगिता
आयोजकों के अनुसार 18 जून को निबंध लेखन प्रतियोगिता और 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना है।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री अमित त्यागी, चंगी राम यादव, जिला मंत्री पंकज झा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, सहायक निदेशक सूचना सुनील कुमार कनौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।