UP Weather Alert: यूपी में फिर बढ़ेगा गर्मी का कहर! 45°C तक पहुंचेगा पारा, 5 दिन हीटवेव का खतरा; बारिश के लिए करना होगा इंतजार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लोगों को अगले कुछ दिन भीषण गर्मी और उमसभरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 19 जून से 23 जून तक कई इलाकों में हीटवेव चलने की आशंका जताई है। मॉनसून की रफ्तार धीमी होने के कारण फिलहाल बारिश के कोई मजबूत संकेत नहीं हैं, जिससे तापमान और बढ़ने की संभावना है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हालात ऐसे रहे कि कूलर और पंखों की हवा भी राहत देने में नाकाम नजर आई। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अगले पांच दिन बढ़ेगी तपिश, हीटवेव का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है। 19 जून से 22 जून तक कई क्षेत्रों में हीटवेव जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। दिन के समय चलने वाली गर्म हवाएं उमस को और बढ़ाएंगी, जबकि रात में भी तापमान अधिक रहने से राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
23 जून के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 जून के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि व्यापक बारिश की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।
बारिश के बाद फिर बदला मौसम का मिजाज
हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई थी। कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस से घटकर करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम ने फिर करवट ले ली है और गर्मी दोबारा अपना असर दिखाने लगी है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 67 प्रतिशत तक पहुंचने से उमस काफी बढ़ गई।
फिलहाल बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना बेहद कम है। सुबह के समय भी गर्माहट बनी रह सकती है और धूप निकलते ही गर्मी का असर तेज महसूस होगा। ऐसे में सुबह टहलने या खुले में व्यायाम करने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया जा सकता है। हीटवेव के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।
जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी होगी।