CM योगी का बड़ा ऐलान! लखनऊ-कानपुर के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल, आउटर रिंग रोड से जुड़ेगा पूरा स्टेट कैपिटल रीजन

0 27

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के विकास को लेकर बड़ा विजन पेश करते हुए लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने की योजना का संकेत दिया है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र को जोड़ने के लिए आउटर रिंग रोड विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव अब एससीआर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास का नया केंद्र बनेगा।

लखनऊ-कानपुर रैपिड रेल का प्रस्ताव तैयार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली से मेरठ के बीच संचालित हो रही है, उसी तर्ज पर लखनऊ, उन्नाव और कानपुर को जोड़ने के लिए रैपिड रेल परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना के साकार होने से तीनों शहरों के बीच आवागमन तेज और सुविधाजनक होगा।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल परिवहन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी।

आउटर रिंग रोड से जुड़ेंगे कई जिले

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि एससीआर के तहत एक व्यापक आउटर रिंग रोड नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसके जरिए लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली जैसे जिले आपस में बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे।

सरकार का लक्ष्य क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा देना और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देना है।

कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारें प्रदेश को वह विकास नहीं दे सकीं, जो डबल इंजन सरकार ने बीते वर्षों में किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनता की बजाय परिवारवाद और निजी हितों को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

जल्द होगा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे समेत कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर सकते हैं। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

गोसंरक्षण और प्राकृतिक खेती पर भी दिया जोर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार गोसंरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के 34 जिलों में जहरमुक्त खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों से होगी वसूली

कानपुर में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं से क्षतिपूर्ति की राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़क निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.