खातेदारों के लिए बड़ी खबर! अंश निर्धारण की गलतियां अब होंगी ठीक, 22 से 26 जून तक चलेगा विशेष अभियान

0 18

गौतमबुद्धनगर: जिले के खातेदारों और सहखातेदारों के लिए राहत भरी खबर है। अंश निर्धारण में हुई त्रुटियों के निस्तारण और संशोधन के लिए प्रशासन ने 22 जून से 26 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान जनपद की सदर, दादरी और जेवर तहसीलों में संचालित किया जाएगा।

डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी भूलेख अधिकारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के निर्देशों के अनुपालन में यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य भूमि अभिलेखों में अंश निर्धारण से संबंधित त्रुटियों का त्वरित समाधान कर राजस्व अभिलेखों को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

गांव-गांव में लगेंगी खुली बैठकें

अभियान के दौरान प्रत्येक राजस्व ग्राम में संबंधित लेखपालों द्वारा खुली बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में खातेदारों और सहखातेदारों की अंश निर्धारण से जुड़ी समस्याओं को सुना जाएगा तथा अभिलेखों की जांच के बाद त्रुटिपूर्ण अंशों को संशोधित किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित अंश निर्धारण संबंधी विवादों और तकनीकी त्रुटियों के समाधान में मदद मिलेगी। साथ ही भूमि अभिलेखों की शुद्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।

खातेदार समय पर करें संपर्क

प्रभारी भूलेख अधिकारी ने जनसाधारण से अपील की है कि जिन खातेदारों या सहखातेदारों के अंश निर्धारण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित तिथियों के दौरान अपने क्षेत्र के लेखपाल से संपर्क करें। संबंधित अभिलेखों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर त्रुटिपूर्ण अंशों का संशोधन कराया जा सकता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान अवधि के दौरान प्राप्त मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, ताकि राजस्व अभिलेखों में किसी प्रकार की विसंगति न रहे और नागरिकों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.