Delhi Metro का नया मेगा प्रोजेक्ट शुरू, ग्रीन-रेड-येलो-ब्लू समेत 7 लाइनों को जोड़ेगा कॉरिडोर; 10 स्टेशन होंगे अंडरग्राउंड

0 129

बहादुरगढ़: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के निर्माण की शुरुआत सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायाफ्राम वॉल के निर्माण के साथ कर दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बहादुरगढ़ से जुड़ी ग्रीन लाइन के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी और राजधानी के कई प्रमुख इलाकों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

यह निर्माण कार्य दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में शुरू किया गया। परियोजना पूरी होने के बाद इंद्रलोक स्टेशन पर ग्रीन लाइन से आसान इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रियों का सफर और अधिक सुगम होगा।

पूरी तरह भूमिगत होगा नया कॉरिडोर

डीएमआरसी के अनुसार, सराय रोहिल्ला स्टेशन मैजेंटा लाइन के इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन होगा। यह स्टेशन मध्य दिल्ली में स्थित है, जहां आसपास कई शिक्षण संस्थान, सिनेमा हॉल, करोल बाग मार्केट और देश बंधु गुप्ता रोड जैसे प्रमुख स्थान मौजूद हैं।

करीब 12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर मैजेंटा लाइन (लाइन-8) के पूरी तरह भूमिगत विस्तार के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में कुल 10 भूमिगत स्टेशन बनाए जाएंगे।

दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर बनेगी मैजेंटा लाइन

इस विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बन जाएगी। यह बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक लगभग 89 किलोमीटर लंबी होगी और पूरी तरह ड्राइवरलेस मेट्रो कॉरिडोर के रूप में संचालित होगी।

डीएमआरसी का कहना है कि इस विस्तार से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी पहले के मुकाबले और मजबूत होगी। साथ ही मैजेंटा लाइन पर सबसे अधिक इंटरचेंज स्टेशन और भूमिगत स्टेशन भी होंगे।

सात मेट्रो लाइनों से मिलेगा सीधा इंटरचेंज

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर तैयार होने के बाद यह दिल्ली मेट्रो की सात अलग-अलग लाइनों को आपस में जोड़ने का काम करेगा। इससे सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, अरुण जेटली स्टेडियम, झंडेवालान मंदिर, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा क्षेत्र तक पहुंच आसान होगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगा इंटरचेंज

इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर ग्रीन लाइन और रेड लाइन का इंटरचेंज मिलेगा। नबी करीम स्टेशन पर मैजेंटा लाइन से कनेक्टिविटी होगी। नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस (ऑरेंज लाइन) से जुड़ाव मिलेगा। दिल्ली गेट स्टेशन पर वायलेट लाइन से इंटरचेंज होगा, जबकि इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से यात्री आसानी से सफर कर सकेंगे।

अन्य कॉरिडोर पर भी जारी है काम

मैजेंटा लाइन के जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम मार्ग तक बनने वाले प्राथमिक कॉरिडोर पर पहले से निर्माण कार्य चल रहा है। जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन (1.8 किलोमीटर) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (9.9 किलोमीटर) तक का हिस्सा पहले ही शुरू किया जा चुका है। शेष हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से चालू किया जाएगा। वहीं, सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर भी निर्माण कार्य जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.