Ajay Devgn की ‘चौहान’ के टीजर में बड़ा बदलाव, हटाई गई जीशान अय्यूब की आवाज; विवाद के बीच मेकर्स का नया फैसला
मनोरंजन डेस्क: अजय देवगन की आगामी फिल्म ‘चौहान’ का टीजर रिलीज होने के बाद से ही लगातार विवादों में बना हुआ है। अब फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने पिछले महीने जारी किए गए अनाउंसमेंट टीजर में बदलाव करते हुए अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब की आवाज हटा दी है। हालांकि इस बदलाव को लेकर अभी तक अजय देवगन या फिल्म के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
टीजर में क्या-क्या बदला गया?
25 जून को रिलीज हुए अनाउंसमेंट टीजर के पहले संस्करण में शुरुआत मोहम्मद जीशान अय्यूब की आवाज से होती थी, जिसके बाद अजय देवगन का नैरेशन सुनाई देता था। लेकिन अब यूट्यूब पर मौजूद नए संस्करण में शुरुआती वॉइसओवर किसी दूसरे कलाकार की आवाज में है। फिलहाल उस अभिनेता की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
सिर्फ वॉइसओवर ही नहीं, बल्कि टीजर के कुछ संवादों में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां सैन्य पद ‘मेजर’ का इस्तेमाल किया गया था, वहीं नए संस्करण में इसे बदलकर ‘कर्नल’ कर दिया गया है। करीब दो मिनट लंबे इस टीजर को यूट्यूब पर अब तक 71 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म
फिल्म ‘चौहान’ की कहानी कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें लंबे समय से हिंसा प्रभावित क्षेत्र में संघर्ष, अशांति और भारतीय सेना के सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाया गया है। हालांकि फर्स्ट लुक में किए गए इन बदलावों की वजह को लेकर मेकर्स ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
टीजर रिलीज के बाद शुरू हुआ था विवाद
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद इसके शीर्षक को लेकर विवाद शुरू हो गया था। क्षत्रिय परिषद ने सार्वजनिक रूप से फिल्म का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि मौजूदा राजनीतिक नैरेटिव के लिए राजपूत चौहान वंश की ऐतिहासिक पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया है।
इसके अलावा टीजर में कश्मीर विवाद को दिखाए जाने और अजय देवगन के वॉइसओवर में बोले गए संवाद ‘पठानों से कह दो, चौहान आ रहा है’ को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी बहस देखने को मिली थी।