आयुष्मान से छूटे परिवारों को भी मिलेगा 5 लाख तक का हेल्थ कवर! बंगाल में सीएम शुभेंदु की बड़ी घोषणा, उपचुनाव से पहले विकास का भी बड़ा वादा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा, उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और लगभग साढ़े छह करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलने का अनुमान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्रता सूची से बाहर रहने वाले परिवारों को भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जाएगा।
दूसरे राज्यों में इलाज के दौरान भी मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिससे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ केवल राज्य तक सीमित न रहे। उन्होंने बताया कि भविष्य में दूसरे राज्यों में इलाज कराने वाले लाभार्थियों को भी इस योजना का फायदा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
रेजिनगर से उपचुनाव का किया चुनावी आगाज
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी उपचुनाव को लेकर भी राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 209 तक पहुंचाने का लक्ष्य दोहराते हुए कहा कि नंदीग्राम की जीत सुनिश्चित है, जबकि रेजिनगर का परिणाम पार्टी के लिए बेहद अहम रहेगा।
मुख्यमंत्री ने मुस्लिम बहुल रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि यहां पार्टी को जनादेश मिलता है तो क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
फलता मॉडल की तर्ज पर विकास का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण 24 परगना के फलता क्षेत्र की तरह रेजिनगर में भी तेज गति से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में दो नए पुलों का निर्माण कराया जाएगा, जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा और बाहर काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिस तरह विकास के वादों के आधार पर फलता में भाजपा को समर्थन मिला, उसी तरह रेजिनगर की जनता भी विकास के मुद्दे पर भरोसा जताएगी।