सुबह उठते ही 140/90 से ऊपर रहता है ब्लड प्रेशर? डॉक्टर ने बताए आसान उपाय, जानिए कब तुरंत दिखानी चाहिए चिंता

0 19

नई दिल्ली: सुबह नींद से उठने के बाद यदि आपका ब्लड प्रेशर 140/90 या उससे अधिक रहता है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार सुबह के समय बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर लंबे समय में हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में कुछ जरूरी आदतों को अपनाकर इसे नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। यदि इसके बावजूद रक्तचाप लगातार ऊंचा बना रहे, तो डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।

अनियमित जीवनशैली का असर धीरे-धीरे शरीर पर दिखाई देता है और आजकल कम उम्र में भी हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। साओल हार्ट सेंटर के संस्थापक और चिकित्सक डॉक्टर बिमल छाजेर के मुताबिक हाई ब्लड प्रेशर एक ‘साइलेंट किलर’ है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर स्पष्ट नहीं होते। हालांकि समय के साथ यह हृदय रोग और हार्ट अटैक जैसी गंभीर समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है।

सुबह ब्लड प्रेशर बढ़ने की प्रमुख वजहें

डॉक्टर बिमल छाजेर के अनुसार सुबह के समय ब्लड प्रेशर बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें सुबह उठने पर तनाव हार्मोन का अधिक स्राव होना, रात में पर्याप्त नींद न लेना और भोजन में अधिक नमक का सेवन प्रमुख कारण माने जाते हैं।

गहरी सांस लेने की करें आदत

यदि सुबह ब्लड प्रेशर अधिक मिले, तो सबसे पहले आराम से बैठकर गहरी और लंबी सांस लेने का अभ्यास करें। सांस को कुछ सेकंड रोकने के बाद धीरे-धीरे छोड़ें। इस प्रक्रिया को करीब पांच मिनट तक करने से शरीर को आराम मिलने में मदद मिल सकती है।

खाने से पहले पिएं एक गिलास पानी

डॉक्टर के अनुसार यदि आप हृदय रोगी नहीं हैं, तो सुबह भोजन से पहले एक गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। हल्का डिहाइड्रेशन भी कई बार ब्लड प्रेशर बढ़ने का कारण बन सकता है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है।

सुबह हल्की शारीरिक गतिविधि करें

नींद से उठने के बाद शरीर में जकड़न महसूस होना सामान्य है। ऐसे में 10 से 15 मिनट तक हल्की सैर या स्ट्रेचिंग करने से शरीर के जोड़ों और मांसपेशियों में सक्रियता आती है और दिन की शुरुआत बेहतर होती है।

रोजाना पूरी नींद लेना भी जरूरी

रात में पर्याप्त नींद नहीं लेने से शरीर में तनाव हार्मोन बढ़ सकते हैं, जिससे सुबह ब्लड प्रेशर ऊंचा रह सकता है। इसलिए रोजाना कम से कम सात से आठ घंटे की अच्छी नींद लेने की सलाह दी जाती है।

नमक और जंक फूड से बनाएं दूरी

हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के लिए भोजन में नमक की मात्रा कम रखें। जंक फूड, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ और अधिक चीनी वाले खाद्य पदार्थों से बचें। इसके बजाय भोजन में प्रोटीन, विटामिन और फाइबर युक्त चीजों को शामिल करें।

किन लक्षणों पर तुरंत डॉक्टर से मिलें?

यदि जीवनशैली में सुधार और सावधानियां अपनाने के बाद भी रोजाना ब्लड प्रेशर 140/90 या उससे अधिक बना रहता है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। इसके अलावा चक्कर आना, सिर भारी लगना या छाती में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.