यूपी विधानसभा चुनाव 2026: प्रधानी मॉडल पर चुनावी रण में उतरेगी बीजेपी, बूथ से वोटर तक तैयार हुआ माइक्रो प्लान
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस बार विधानसभा चुनाव को पंचायत चुनाव यानी प्रधानी की तर्ज पर लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक विस्तृत माइक्रो मैनेजमेंट तैयार किया गया है। लक्ष्य प्रत्येक समर्थक मतदाता तक पहुंच बनाना और मतदान के दिन उसे बूथ तक लाना है।
बूथ स्तर पर मजबूत की जा रही संगठनात्मक पकड़
भाजपा ने सरकार और संगठन, दोनों स्तरों पर चुनावी अभियान को गति दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेशभर में लगातार दौरे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में ला रहे हैं।
पार्टी की रणनीति गांवों में होने वाले प्रधान चुनाव की तरह प्रत्येक मतदाता पर व्यक्तिगत स्तर पर फोकस करने की है। इसके लिए बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं, ताकि समर्थक मतदाता मतदान के दिन बूथ तक जरूर पहुंचे।
सदस्यता अभियान के आधार पर तैयार होगी चुनावी रणनीति
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने हाल के दौरों में बूथ केंद्रित रणनीति पर विशेष जोर दिया है। भाजपा का दावा है कि सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेश में 2 करोड़ 52 लाख से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली थी। पार्टी का मानना है कि यदि इन सदस्यों और उनके परिवारों को प्रभावी ढंग से मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया, तो चुनावी परिणाम उसके पक्ष में रह सकते हैं।
इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अलग सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि संगठनात्मक नेटवर्क और मजबूत किया जा सके।
22 जुलाई से विधानसभा क्षेत्रों में शुरू होंगे बूथ सम्मेलन
भाजपा 22 जुलाई से प्रदेशभर के विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी। इसे विधानसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है। इस अभियान के संयोजक प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल बनाए गए हैं, जबकि प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन सम्मेलनों के माध्यम से बूथ कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, मतदाता संपर्क और संगठन विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
महिला मोर्चा को भी मिली अहम जिम्मेदारी
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने वाराणसी में आयोजित क्षेत्रीय कार्यसमिति बैठक में हर बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति गठित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के पास जमीनी स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क नहीं है, जबकि भाजपा बूथ स्तर तक महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।