गौतमबुद्धनगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 10 अगस्त तक बढ़ा, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0 27

गौतमबुद्धनगर: जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने भाग लिया। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक और दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा था। अब शासन ने दोनों अभियानों की अवधि बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 तक कर दी है।

कम प्रदर्शन वाले विभागों में सुधार के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विभागों का प्रदर्शन निर्धारित मानकों से कम है, वे तत्काल आवश्यक कदम उठाकर उसमें सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार नियमित क्षेत्र भ्रमण करने और अभियान की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए।

आशा कार्यकर्ताओं के जरिए मरीजों तक पहुंचे ओआरएस और जिंक

बैठक में चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए गए कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से डायरिया से पीड़ित मरीजों को समय पर ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को एंटी-लार्वा छिड़काव और नालियों की नियमित सफाई के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

ग्राम क्षेत्रों में सफाई अभियान तेज करने पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने पंचायत राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान को गति दें, ताकि संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम हो सके और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.