‘माफिया मिट्टी में मिल चुके, अब उन्हें संरक्षण देने वालों की बारी’, मुख्तार के गढ़ में सीएम योगी का बड़ा हमला

0 21

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में आयोजित जनसभा से अपराध, माफिया और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाने का अपना संकल्प पूरा कर दिया है और अब अपराधियों या माफिया का साथ देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए गाजीपुर के सांसद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ जनप्रतिनिधियों को विकास से कोई सरोकार नहीं है।

692 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री ने मुहम्मदाबाद स्थित नवीन कृषि मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 692 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और सांकेतिक चेक भी वितरित किए।

‘माफिया को संरक्षण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों का ठिकाना केवल जेल या फिर उससे भी आगे है। उन्होंने कहा कि सरकार ने माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है और अब जो लोग उन्हें संरक्षण देते हैं, उनके खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सपा पर साधा निशाना, कानून व्यवस्था का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले त्योहारों के दौरान उपद्रव की घटनाएं होती थीं और नौकरियों में वसूली का माहौल था, लेकिन अब प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग आज समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं, वे पहले माफियाओं के सामने झुकते थे। उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि उसे कानून का डर है।

‘माफिया किसी का नहीं होता’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजीपुर ऋषि-मुनियों और राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली परंपरा वाला जनपद है, लेकिन कुछ लोगों ने इसकी पहचान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि माफिया कभी किसी का हितैषी नहीं होता, बल्कि वह समाज के हर वर्ग का शोषण करता है। माफिया गरीबों का हक छीनते हैं और व्यापारियों के बीच भय का माहौल पैदा करते हैं।

पूर्वांचल के विकास पर भी रखा जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गाजीपुर समेत पूरे पूर्वांचल के विकास को नई गति दी है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली और वाराणसी से जोड़ते हुए सोनभद्र तक विस्तारित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में एक्सप्रेसवे निर्माण के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.