ग्रेटर नोएडा में सजेगा बायोएनर्जी का सबसे बड़ा मंच, 11 अगस्त को इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले तीसरे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिवसीय आयोजन 11 से 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें देश और विदेश से नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, शोधकर्ता और निवेशक हिस्सा लेंगे।

स्वच्छ ऊर्जा और हरित उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

इस एक्सपो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी, हरित उद्योगों और सतत औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है। आयोजन के माध्यम से नई तकनीकों, निवेश और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा देने की भी कोशिश की जाएगी।

लो-कार्बन भविष्य पर रहेगा आयोजन का फोकस

‘कम-कार्बन विश्व के लिए उन्नत बायोएनर्जी समाधान’ विषय पर आधारित इस एक्सपो में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा। आयोजन के दौरान विशेषज्ञ स्वच्छ ऊर्जा के नए विकल्पों, आधुनिक तकनीकों और टिकाऊ औद्योगिक विकास पर अपने विचार साझा करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के साथ होगी विशाल प्रदर्शनी

आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय कार्यक्रम में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के साथ विशाल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह मंच नीति-निर्माताओं, उद्योगों, नवाचारकर्ताओं और निवेशकों को एक साथ लाकर सहयोग और निवेश के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

इन आधुनिक तकनीकों का होगा प्रदर्शन

प्रदर्शनी में कम्प्रेस्ड बायोगैस, एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायो-मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, मरीन फ्यूल्स, बायोमास पेलेट एवं ब्रिकेट्स, कार्बन मार्केट, ग्रीन एट्रिब्यूट्स समेत बायोएनर्जी से जुड़ी कई उभरती तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.