चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया है।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालुज मोड़ के समीप बस अचानक पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि बस में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में बस का चालक और परिचालक भी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने सात मौतों की पुष्टि की
तीसा थाना के अतिरिक्त थाना प्रभारी अनुभव शर्मा ने हादसे और सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
- जगदेव शर्मा, 50 वर्ष, निवासी बाहला, देवीकोठी
- देस राज, 35 वर्ष, निवासी बाहला, देवीकोठी
- तेज सिंह, 39 वर्ष, निवासी सत्यास, तरेला, बस परिचालक
- जगदेई, 24 वर्ष, निवासी बाहला, देवीकोठी
- हरदेई, 43 वर्ष, पत्नी जगदेव, निवासी बाहला, देवीकोठी
- नीलम, 34 वर्ष, पत्नी मोती सिंह, निवासी देवीकोठी
- रूप सिंह, 35 वर्ष, निवासी चिल्ली, थल्ली, बस चालक
11 घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल हुए लोगों में कर्ण सिंह उर्फ साहिल (18), सुष्मिता (32), प्रियंका (5), हर्षु (4), पानो देवी (41), काव्या (11), धन्नी (40), धर्मों देवी (62), अप्रित मंगल (11), नेहा (10) और विजय कुमार (34) शामिल हैं।
घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे में कई बच्चों के घायल होने की भी जानकारी है।
हादसे की वजह की जांच जारी
पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। शुरुआती जानकारी में बस के तेज गति से आने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।