यूपी में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में रेड तो 5 में ऑरेंज अलर्ट; 23 अगस्त तक बरसेंगे बादल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है और अगले 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। मेजा में 192 मिलीमीटर, कोरांव में 126 मिलीमीटर और सोनभद्र के घोरावल में 123 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बिजनौर के नगीना में 140 मिलीमीटर, बिजनौर नगर में 146 मिलीमीटर और संभल के गुन्नौर में 150 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अगले 48 घंटे दक्षिणी यूपी में ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण बारिश का दौर जारी है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 23 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।
10 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, महोबा और आसपास के इलाकों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, हमीरपुर और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मौसम खराब रहने और तेज बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
गाजीपुर, आजमगढ़, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, औरैया, जालौन, झांसी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चित्रकूट और वाराणसी में कक्षा 8 तक स्कूल बंद
भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए चित्रकूट और वाराणसी में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय बुधवार को बंद रखने का फैसला किया गया है। चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में 19 अगस्त को अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन के मुताबिक लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव के कारण शिक्षकों और विद्यार्थियों का विद्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है। किसी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए विद्यालयों में छुट्टी का निर्णय लिया गया है।