यूपी के प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों-कर्मचारियों को मिलेगा एरियर, 134 करोड़ से ज्यादा लौटेंगे; 2014-2022 की कटौती वापस

0 19

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने सामूहिक बीमा योजना के नाम पर वेतन से काटी गई प्रीमियम की रकम वापस करने का फैसला किया है। इसके लिए 134 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी कर दी गई है। यह रकम एरियर के रूप में संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

2014 से 2022 तक कटी थी हर महीने 87 रुपये की रकम

परिषदीय स्कूलों में 31 मार्च 2014 से 1 सितंबर 2022 तक शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन से सामूहिक बीमा योजना के प्रीमियम के तौर पर हर महीने 87 रुपये काटे गए थे। इस अवधि में एलआईसी की ओर से सामूहिक बीमा योजना बंद कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से वेतन से प्रीमियम की कटौती जारी रही।

शिक्षकों और कर्मचारियों ने इस कटौती का विरोध किया। इसके बाद 1 सितंबर 2022 से प्रीमियम की रकम वेतन से काटना बंद कर दिया गया। इसके साथ ही शिक्षकों ने कई वर्षों के दौरान वेतन से काटी गई रकम वापस करने की मांग शासन के सामने रखी।

134 करोड़ से ज्यादा की रकम जारी

शिक्षकों और कर्मचारियों की मांग के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सामूहिक बीमा योजना के तहत काटी गई प्रीमियम राशि वापस करने के लिए बजट जारी कर दिया है। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

बेसिक शिक्षा विभाग के जिला आहरण एवं वितरण अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। 134 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि एरियर के तौर पर संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन और मिलान किया जाए। इसके बाद एकमुश्त और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

वाराणसी और जौनपुर में 19 अगस्त को स्कूल बंद

इस बीच वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए 19 अगस्त को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। वाराणसी के जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार यह व्यवस्था सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर लागू होगी।

विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जौनपुर में भी जिलाधिकारी के आदेश पर 19 अगस्त को कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे।

जौनपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक जिले के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.