27 अगस्त तक करें आवेदन, ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना में 10 दिन की ट्रेनिंग के साथ मुफ्त मिलेगी टूलकिट

0 42

गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर जिले के कारीगरों और हस्तशिल्पियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ा अवसर सामने आया है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत जिले में चिन्हित रेडीमेड गारमेंट्स उत्पाद से जुड़े अकुशल हस्तशिल्पियों और कारीगरों को 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद चयनित प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक तकनीक पर आधारित उन्नत टूलकिट का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।

27 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का मौका

उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्धनगर पंकज निर्वाण ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। योजना का उद्देश्य जिले के चिन्हित उत्पाद रेडीमेड गारमेंट्स से जुड़े लोगों के आजीविका के साधनों को मजबूत करना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

10 दिन का आवासीय प्रशिक्षण मिलेगा

योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को उत्पाद से संबंधित सामान्य तकनीकी प्रशिक्षण के साथ क्राफ्ट की बुनियादी और उन्नत तकनीक की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उद्यमिता विकास से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक तकनीकी पर आधारित उन्नत किस्म की टूलकिट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने काम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।

कौन कर सकता है आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की तिथि पर अभ्यर्थी की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इस योजना के लिए किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं रखी गई है।

आवेदक ने भारत सरकार या उत्तर प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत पिछले दो वर्षों में संबंधित उत्पाद की टूलकिट का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। साथ ही आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य को इस योजना के तहत केवल एक बार लाभ दिया जाएगा। योजना में परिवार से आशय पति और पत्नी से है।

आवेदन के साथ पात्रता की घोषणा जरूरी

आवेदक को योजना की पात्रता संबंधी सभी शर्तें पूरी करने के संबंध में घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। विभाग की ओर से पात्रता और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

कहां से मिलेगी योजना की जानकारी?

योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, गौतमबुद्धनगर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सहायक आयुक्त उद्योग वत्स कृष्णा के मोबाइल नंबर 9899811994 या रविन्द्र कुमार के मोबाइल नंबर 9456671832 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.