पत्नी की सर्जरी के दौरान अस्पताल से भी किया काम, होली-दिवाली पर नहीं ली छुट्टी; 12 साल बाद Oracle ने कर्मचारी को नौकरी से निकाला
अमेरिका: दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल में छंटनी के ताजा दौर के बीच 12 साल तक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी सौरभ साहू की नौकरी जाने का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी पूजा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पति ने होली-दिवाली, जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे खास मौकों पर भी काम किया था। यहां तक कि पत्नी की सर्जरी के दौरान वह अस्पताल से भी काम करते रहे। इसके बावजूद हालिया छंटनी में उनकी नौकरी चली गई।
सौरभ ने होली-दिवाली पर भी किया था काम
पूजा के मुताबिक, उनके पति छुट्टियों में भी काम के लिए उपलब्ध रहते थे। होली और दिवाली जैसे त्योहारों के अलावा जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे निजी मौकों पर भी उन्होंने काम किया। पत्नी की सर्जरी के दौरान भी सौरभ अस्पताल से अपना काम करते रहे।
पूजा ने अपनी पोस्ट में इसी बात का जिक्र करते हुए बताया कि इतने वर्षों तक कंपनी के लिए काम करने के बावजूद हालिया छंटनी में सौरभ की नौकरी चली गई।
सिस्टम में लॉगिन नहीं कर पाए तो चला नौकरी जाने का पता
पूजा के अनुसार, सौरभ को अपनी नौकरी जाने का पता उस समय चला जब वह अपने सिस्टम में लॉगिन नहीं कर सके। इसके बाद ओरेकल में छंटनी के ताजा दौर से प्रभावित कर्मचारियों के अनुभव सोशल मीडिया पर सामने आने लगे।
कई कर्मचारियों, उनके परिवारों और दोस्तों ने अचानक नौकरी जाने से जुड़ी अपनी बातें साझा की हैं। कुछ लोगों ने नई नौकरी तलाशने में मदद मांगी है, जबकि कुछ ने वर्षों के करियर के अचानक खत्म होने और भविष्य को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता के बारे में लिखा है।
14 सितंबर से शुरू हुआ छंटनी का नया दौर
ओरेकल ने 14 सितंबर से छंटनी का नया दौर शुरू किया है। प्रभावित कर्मचारियों की कुल संख्या अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, हालांकि इसकी संख्या हजारों में होने की बात कही जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों को उसी दिन ईमेल के जरिए बताया गया कि उनके पद समाप्त किए जा रहे हैं।
हालांकि, सौरभ के मामले में परिवार की ओर से किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित लोगों से तत्काल संपर्क भी नहीं हो सका।
एआई और क्लाउड में निवेश के बीच पुनर्गठन
ओरेकल में हो रही छंटनी को कंपनी के व्यापक पुनर्गठन से जोड़कर देखा जा रहा है। कंपनी एआई और क्लाउड ढांचे में बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में ओरेकल ने अपने वैश्विक कार्यबल से करीब 21,000 यानी 13 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की थी।
कंपनी ने पिछले हफ्ते अपने पुनर्गठन कार्यक्रम की अनुमानित लागत भी बढ़ाई थी। इसे 70 करोड़ डॉलर बढ़ाकर करीब 2.8 अरब डॉलर कर दिया गया। इसमें कर्मचारियों की संख्या में कटौती और अनुबंध खत्म करने से जुड़ी लागत शामिल है।
भारत में भी पड़ सकता है असर
छंटनी के मौजूदा दौर में दुनियाभर में कितने कर्मचारी प्रभावित हुए हैं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट में भारत में भी हजारों कर्मचारियों के प्रभावित होने का अनुमान जताया गया है।
इस मामले में टिप्पणी के लिए ओरेकल को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला है।