नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO में सरकारी नौकरी का मौका है। इसरो के प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC), महेंद्रगिरि ने टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन ‘बी’, कुक ‘ए’ और फायरमैन ‘ए’ के 22 पदों पर भर्ती निकाली है। 10वीं, ITI और डिप्लोमा पास योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 1.42 लाख रुपये तक मासिक वेतन मिल सकता है।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान में कुल 22 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें टेक्निकल असिस्टेंट के 5, टेक्नीशियन ‘बी’ के 13, कुक ‘ए’ का 1 और फायरमैन ‘ए’ के 3 पद शामिल हैं।
टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन जैसे संबंधित ट्रेड में प्रथम श्रेणी से इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना जरूरी है।
टेक्नीशियन ‘बी’ पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं यानी SSLC या मैट्रिक पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में NCVT से मान्यता प्राप्त ITI का NTC या NAC प्रमाणपत्र होना चाहिए। संबंधित ट्रेड में फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन और आरएसी शामिल हैं।
कुक ‘ए’ पद के लिए 10वीं पास होने के साथ किसी स्थापित होटल या कैंटीन में कुक के तौर पर कम से कम 5 साल का अनुभव जरूरी है।
फायरमैन ‘ए’ पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शारीरिक फिटनेस मानकों को पूरा करना भी जरूरी होगा।
कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित अभ्यर्थियों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन और भत्ते दिए जाएंगे।
टेक्निकल असिस्टेंट को पे लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा।
टेक्नीशियन ‘बी’ के लिए पे लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रति माह वेतन निर्धारित है।
कुक ‘ए’ और फायरमैन ‘ए’ को पे लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा।
इसके अलावा पात्र उम्मीदवारों को मकान किराया भत्ता यानी HRA, महंगाई भत्ता यानी DA और इसरो के नियमों के अनुसार अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क
टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं टेक्नीशियन ‘बी’, कुक ‘ए’ और फायरमैन ‘ए’ पदों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
कैसे होगा चयन
टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन ‘बी’ और कुक ‘ए’ पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और संबंधित विषय व निर्धारित पाठ्यक्रम पर आधारित स्किल टेस्ट के जरिए किया जाएगा।
फायरमैन ‘ए’ पद के लिए पहले लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET और मेडिकल जांच से गुजरना होगा।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अंतिम तारीख से पहले अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
ISRO भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले ISRO IPRC की आधिकारिक वेबसाइट iprc.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद करियर या रिक्रूटमेंट सेक्शन में जाकर संबंधित भर्ती विज्ञापन के लिंक पर क्लिक करना होगा।
आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरने के बाद फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को अंतिम रूप से जमा करना होगा।