6000mAh बैटरी और 50MP कैमरे वाला नया 5G फोन कल होगा लॉन्च, ₹15 हजार के आसपास हो सकती है कीमत

0 28

नई दिल्ली: भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड लावा अपना नया 5G स्मार्टफोन Lava Bold N4 Pro 5G कल यानी 18 सितंबर को भारत में लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने फोन की लॉन्च तारीख के साथ इसके डिजाइन और कुछ प्रमुख फीचर्स की जानकारी भी साझा कर दी है। यह फोन Bold N4 सीरीज का नया मॉडल होगा और हाल में पेश किए गए Lava Bold N4 Lite के बाद सीरीज में शामिल किया जाएगा।

दोपहर 12 बजे होगा फोन का लॉन्च

Lava Bold N4 Pro 5G को 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे भारत में लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च कार्यक्रम के दौरान कंपनी फोन की कीमत और बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने रखेगी। कंपनी ने पुष्टि की है कि स्मार्टफोन की बिक्री Amazon के जरिए शुरू की जाएगी।

फ्लैट डिजाइन और स्क्वायर कैमरा मॉड्यूल

फोन के डिजाइन की बात करें तो Lava Bold N4 Pro 5G में फ्लैट रियर पैनल और फ्लैट मिड-फ्रेम देखने को मिलेगा। पीछे की तरफ ऊपर बाएं हिस्से में चौकोर आकार का कैमरा मॉड्यूल दिया जाएगा। साइड फ्रेम पर पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल मिलेंगे, जबकि सिम ट्रे दूसरी तरफ रखी जाएगी।

6000mAh की बड़ी बैटरी

पावर बैकअप के लिए फोन में 6000mAh की बैटरी दी जाएगी। कंपनी इसे गोल्ड और ब्लू रंग में पेश करेगी। हालांकि, फोन कितनी तेज चार्जिंग को सपोर्ट करेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

50MP का मुख्य कैमरा मिलेगा

फोटोग्राफी के लिए Lava Bold N4 Pro 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा। इसका मुख्य कैमरा 50MP का होगा। दोनों रियर कैमरों को चौकोर कैमरा मॉड्यूल में जगह मिलेगी। इसी मॉड्यूल में एलईडी फ्लैश के लिए अलग कटआउट भी दिया जाएगा।

वाटरड्रॉप नॉच के साथ फ्रंट कैमरा

फोन के आगे की तरफ वाटरड्रॉप स्टाइल नॉच देखने को मिलेगा। इसी नॉच में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट कैमरा दिया जाएगा।

₹15 हजार के आसपास हो सकती है कीमत

Lava ने अभी Bold N4 Pro 5G की आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 15 हजार रुपये के आसपास की कीमत में बाजार में उतारा जा सकता है। फोन के प्रोसेसर, डिस्प्ले के आकार और चार्जिंग स्पीड की जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है। इन फीचर्स से जुड़ी बाकी जानकारी लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.