नेपाल में बाढ़ का कहर, मौतों का आंकड़ा 1404 पहुंचा; 6150 लोग अब भी लापता, चीन में 43 की मौत

0 21

काठमांडू: नेपाल में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। मलबे से लगातार शव बरामद होने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 1404 हो गई है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, अब तक 13,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि करीब 6,150 लोग अभी भी लापता हैं। उधर, चीन की तरफ भी आई बाढ़ में 43 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

हिमस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमस्खलन के बाद अचानक बाढ़ आई थी। इसके चलते उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी नुकसान हुआ।

हिमालयी क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ आने के बाद बड़ी संख्या में मकान, वाहन, सड़कें और पुल इसकी चपेट में आ गए। कई पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा को अब 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन लापता लोगों की तलाश अभी जारी है।

चितवन में सबसे ज्यादा शव बरामद

अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल के चितवन जिले में अब तक 364 शव बरामद किए गए हैं, जो प्रभावित जिलों में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद नवलपरासी पूर्व में 232 और नवलपरासी पश्चिम में 222 शव मिले हैं।

इसके अलावा नुवाकोट, रसुवा, गोरखा, धादिंग और तनाहुन समेत अन्य प्रभावित जिलों से भी शव बरामद किए गए हैं। राहत दल अभी भी मलबे और कीचड़ में तलाश अभियान चला रहे हैं।

1404 शवों में सिर्फ 104 की पहचान

बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान करना राहत एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अब तक बरामद 1404 शवों में केवल 104 की पहचान हो सकी है और इन्हें परिजनों को सौंपा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, कई शव लंबे समय तक पानी और मलबे में रहने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई मामलों में केवल शरीर के कुछ हिस्से ही बरामद हुए हैं। ऐसे में चेहरे, कपड़ों या निजी सामान के आधार पर पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

डीएनए जांच से होगी लापता लोगों की पहचान

फोरेंसिक विशेषज्ञों के मुताबिक, कई मामलों में डीएनए जांच के जरिए पहचान करना जरूरी हो गया है। हालांकि, यह प्रक्रिया समय लेने वाली है।

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित रसुवा और नुवाकोट की कई पनबिजली परियोजनाओं में खोज अभियान चलाया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में श्रमिकों के लापता होने की जानकारी है। नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और विदेशी तकनीकी विशेषज्ञ भी तलाश अभियान में जुटे हैं।

चीन में बाढ़ से 43 लोगों की मौत

नेपाल की सीमा से लगे चीन के हिस्से में भी बाढ़ का असर देखने को मिला। चीनी मीडिया के मुताबिक, वहां बाढ़ से 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि 500 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

इस बीच नेपाल में राहत अभियान के दौरान भारतीय और नेपाली बचाव दलों ने चिलिमे पनबिजली परियोजना के बिजलीघर तक पहुंचकर सुरंग से पांच लोगों के शव बरामद किए। वहां कई दिनों तक गाद और कीचड़ हटाने के बाद बचाव दल अंदर पहुंच सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.