UP Weather: 22 सितंबर तक यूपी से मानसून की विदाई, 19 सितंबर से पश्चिमी हिस्सों में थमेगी बारिश; बढ़ेगी गर्मी

0 40

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी शुरू हो सकती है, जबकि 22 सितंबर तक पूरे प्रदेश से इसके विदा होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी और मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा।

19 सितंबर से पश्चिमी यूपी में शुरू होगी मानसून की वापसी

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है।

20 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के आसार हैं, जबकि 22 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

इस सीजन सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश

इस बार उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। जून और जुलाई में बारिश सामान्य से कम रही, जबकि अगस्त में अच्छी बारिश होने से काफी हद तक इसकी भरपाई हुई।

अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य से करीब चार प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून की विदाई के साथ आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है।

पूर्वी यूपी के कई जिलों में हुई तेज बारिश

बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई। प्रतापगढ़, सुलतानपुर, कौशांबी और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल जमकर बरसे।

हालांकि, गुरुवार से इन इलाकों में भी मौसम के शुष्क होने के आसार हैं। ज्यादातर जिलों में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

लखनऊ में उमस ने बढ़ाई परेशानी

राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से ही धूप खिली रही। बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी का असर महसूस किया गया। शहर में दिन का तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कई जिलों में मौसम शुष्क रहने के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया। मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में गर्मी और उमस का असर कुछ समय तक बना रह सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.