लालबाग गणपति पंडाल के पास बड़ा हादसा, करंट लगने से 8 साल की बच्ची समेत दो की मौत; चार घायल

0 21

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गणपति पंडाल के पास बिजली का करंट लगने से आठ साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर पुलिस, दमकल, बीईएसटी और नागरिक वार्ड के कर्मचारियों को भेजा गया।

तड़के 2:20 बजे हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना कालाचौकी में दत्ताराम लाड मार्ग स्थित कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास तड़के करीब 2:20 बजे हुई। उस समय गणपति उत्सव के चलते लालबाग इलाके में भारी भीड़ मौजूद थी। मुंबई फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना तड़के 2:42 बजे मिली, जिसके बाद राहत और बचाव के लिए संबंधित टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया।

पांच घायलों को मसीना अस्पताल ले जाया गया

घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने पांच घायलों को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। मसीना अस्पताल में आठ साल की रागिनी घनश्याम यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इलाज के दौरान एक महिला की भी मौत

हादसे में घायल किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) का इलाज चल रहा था। वहीं, हादसे में घायल एक महिला की ग्लोबल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.