निपुण भारत मिशन की समीक्षा में डीएम का सख्त निर्देश, स्कूलों में शिक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक होगी नियमित निगरानी

0 29

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनपद स्तरीय टास्क फोर्स और जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और कायाकल्प योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निपुण भारत मिशन की प्रगति की ली जानकारी

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने निपुण भारत मिशन के तहत जनपद में अब तक किए गए कार्यों और उनकी प्रगति की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी के सामने रखी। जिलाधिकारी ने मिशन के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कायाकल्प के काम समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद के सभी विद्यालयों में कायाकल्प से जुड़े कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं। साथ ही विद्यालयों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों के निरीक्षण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला टास्क फोर्स की ओर से विद्यालयों के निरीक्षण का निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान केवल व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया जाए, बल्कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी बारीकी से समीक्षा की जाए।

मिड-डे मील, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, यमुना प्राधिकरण तथा नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.