Agneepath Scheme: सरकार ने इस साल भर्ती के लिए उम्र सीमा 21 से बढ़ाकर 23 वर्ष की

0 854

नई दिल्ली: अग्निपथ योजना को लेकर केन्द्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया। सरकार ने योजना के लिए अधिकतम उम्र सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष कर दी है। अब 23 वर्ष की उम्र तक के युवा इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि सरकार ने उम्र की यह सीमा केवल इस साल के लिए बढ़ायी है। अभी तक भर्ती के लिए सरकार ने साढ़े 17 साल से लेकर 21 साल तक की आयु निर्धारित की थी।

रक्षा मंत्रालय के प्रधान प्रवक्ता ए. भारत भूषण बाबू ने गुरुवार रात ट्वीट कर बताया कि अग्निपथ योजना के तहत वर्ष 2022 की भर्ती प्रक्रिया के लिए ऊपरी आयु सीमा को बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार कोरोना के चलते दो साल तक सेना में भर्ती नहीं होने के चलते आयु सीमा में इस साल छूट दी गई है।

उल्लेखनीय है कि सेना में भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बिहार में ट्रेन के डिब्बों में आग लगा दी। बिहार समेत कई अन्य राज्यों में भी आगजनी, पथराव और हाइवे पर जाम लगाने की छिटपुट घटनाएं हुई हैं।

इस योजना के तहत इस साल 46 हजार युवाओं को सेना में शामिल किया जाएगा। योजना के मुताबिक युवाओं की भर्ती चार साल के लिए होगी और उन्हें ‘अग्निवीर’ कहा जाएगा। अग्निवीरों को 30 हजार से 40 हजार महीना सैलरी और अन्य फायदे दिए जाएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.