सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ
गौतमबुद्धनगर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प दिलाया। साथ ही देशवासियों के बीच एकता और भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शपथ लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और उनके कार्यों से स्थापित देश की एकता की भावना को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इसके साथ ही सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने और पूरी सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके संकल्प को याद किया गया।