साइबर ठगी और ऑनलाइन हमलों से बचाव के लिए दूरसंचार विभाग की पहल, 190 से अधिक प्रतिभागियों ने वेबिनार में लिया हिस्सा

0 39

नई दिल्ली: देश में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरों से लोगों को सतर्क करने के लिए दूरसंचार विभाग ने जागरूकता अभियान चलाया है। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2026 के तहत दूरसंचार विभाग के दूरसंचार साइबर सुरक्षा घटना मोचन दल (टी-सीएसआईआरटी) ने ‘साइबर स्वच्छता की संस्कृति का निर्माण’ विषय पर विशेष वेबिनार आयोजित किया। इसमें साइबर धोखाधड़ी, साइबर हमलों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।

वेबिनार का उद्घाटन दूरसंचार महानिदेशक अनिल कुमार गुप्ता और दूरसंचार महानिदेशालय मुख्यालय के अपर महानिदेशक सुरेश पुरी ने किया। इस दौरान उप महानिदेशक (टी-सीएसआईआरटी) यशवंत कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि साइबर खतरों का दायरा लगातार बढ़ रहा है और हमलों के तरीके भी पहले से अधिक जटिल होते जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की सतर्कता बेहद जरूरी है। डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही व्यक्तिगत, संस्थागत, सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर साइबर स्वच्छता की मजबूत नींव बन सकती है।

190 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

इस जागरूकता वेबिनार में दूरसंचार विभाग मुख्यालय और लाइसेंस प्राप्त सेवा क्षेत्रों (एलएसए), राष्ट्रीय संचार अकादमी (एनसीए-टी) तथा राष्ट्रीय संचार सुरक्षा केंद्र (एनसीसीएस) के 190 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपी) सहित उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

साइबर हमलों के तरीकों और बचाव के उपायों की दी जानकारी

वेबिनार के दौरान टी-सीएसआईआरटी के विशेषज्ञों ने साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इसमें सोशल इंजीनियरिंग, साइबर किल चेन, मैलवेयर के अलग-अलग प्रकार और वेबसाइट पर होने वाले सामान्य साइबर हमलों को समझाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों और संस्थानों को निशाना बनाते हैं। साथ ही ऐसे हमलों की पहचान करने और उनसे बचाव के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।

फिशिंग और संदिग्ध लिंक से बचने की दी सलाह

सत्र में फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को संदिग्ध लिंक और अटैचमेंट को सावधानी से खोलने, सॉफ्टवेयर को समय पर अपडेट करने और किसी भी साइबर घटना की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने सतर्क डिजिटल व्यवहार और सुरक्षित ऑनलाइन गतिविधियों को अपनाने की आवश्यकता भी बताई।

दूरसंचार विभाग ने इस अवसर पर निरंतर साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विभाग का कहना है कि डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक बनाकर सुरक्षित राष्ट्र के निर्माण और भारत के डिजिटल भविष्य को संरक्षित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.